Posts

ठेका

तबला या मृदंग के लिए प्राचीन शास्त्रकारों नें भिन्न-भिन्न बोल वैसी ही भाषा में बना दिए, जैसी उन ताल वाद्यों से प्रकट होती है । उन बोलों को जब हम तबला या मृदंग पर बजाते हैं,तब उसे ठेका कहते हैं ।ठेका एक ही आवृति का होता है,जिसमें मात्राएं निश्चित होती हैं ।      उन्हीं निश्चित मात्राओं के अनुसार गानें -बजानें का नाप होता है ;जैसे कहरवा ताल में आठ मात्राएं होती हैंऔर इसके दो भाग हैं ।प्रत्येक भाग में चार-चार मात्राएं होती हैं । पहली मात्रा पर सम और पाँचवी पर खाली है इसे इस प्रकार से लिखा जाएगा ..... मात्राएं-     1   2   3   4    :   5   6   7   8  ठेका--      धा  गे   न   ति   :   न  क   धिं   ना  ताल चिन्ह  ×                   :    0   यह कहरवा ताल का ठेका हुआ।    दुगुन --- किसी ठेके को जब दुगुनी लय मे...

लय के प्रकार

1...विलंबित लय....जिस लय की चाल बहुत  धीमी हो ,उसे विलंबित लय कहते हैं । विलंबित लय का अंदाज, मध्य  लय से यों लगाया जाता है-- मान लीजिए, एक मिनट  में आपनें एक -सी चाल से साठ तक गिनती गिनी ,तो उसे अपनी मध्य लय मान लीजिए।  इसके बाद इसी एक मिनट  में समान चाल  से तीस तक गिनती गिनी ,तो विलंबित लय करेगें अर्थात तीस तक जो गिनती गिनी गई, उसकी लय साठ वाली गिनती  से आधी हो गई । 2....मध्य लय....जिस लय की चाल  विलंबित से तेज और द्रुत से कम  हो ,उसे मध्य लय कहते हैं। यह लय बीच की होती है।मध्य का अर्थ है ...बीच । 3....द्रुत लय ....जिस लय की चाल विलंबित लय से चौगुनी या मध्य लय से दुगुनी हो ,उसे द्रुत लय करेगें ।एक मिनट में समान चाल से साठ तक गिनती गिन कर मध्य लय कायम की गई है ।अब यदि एक मिनट में एक सौ बीस तक गिनती गिनी जाएगी ,तो निश्चय ही गिनती की चाल  तेज हो जाएगी। द्रुत का अर्थ है ....तेज । शुभा मेहता  13th,February, 2025

मात्रा

तालों में उनकी लम्बाई स्पष्ट करनें वाली इकाई को "मात्रा" कहते हैं ।मात्रा ताल का ही एक  हिस्सा है ,क्योंकि मात्राओं के योग से ही समस्त तालों की रचना हुई  है । एक -सी लय या चाल में गिनती गिनने को मात्रा कह सकते हैं ।यदि घड़ी की एक सेकंड को हम एक मात्रा मान लें ,तो सोलह सेकंड में तीन ताल का ठेका बन जाएगा ,बारह सेकंड  में एकताल का ठेका बन जाएगा और दस सेकंड  में झपताल का ठेका बन जाएगा । लय.....ताल में एक क्रिया से दूसरी क्रिया के बीच की विश्रांति का काल ,जो पहली क्रिया का विस्तार है ,"लय" कहलाता है ।  मुख्य लय तीन प्रकार की होती हैं ......  1..विलंबित लय  2.....मध्य लय  3...द्रुत लय ..    

ताल -मात्रा -लय विवरण

ताल .....भरत मुनि नें संगीत में काल के नापने के साधन को 'ताल ' कहा है । जिस प्रकार भाषा में व्याकरण की आवश्यकता होती है उसी प्रकार संगीत में ताल की आवश्यकता होती है ।   ताल शब्द 'तल'धातु से बना है । संगीत रत्नाकर के अनुसार, जिसमें गीत ,वाद्य और नृत्य प्रतिष्ठित होते हैं वह ताल  है । प्रतिष्ठा का अर्थ होता है....व्यवस्थित करना ,आधार देना या स्थिरता प्रदान करना । तबला ,पखावज इत्यादि ताल-वाद्यों से जब गाने के समय को नापा जाता है ,तो एक विशेष प्रकार का आनंद प्राप्त होता है व वास्तव में ताल संगीत की जान है ,ताल पर ही संगीत  की इमारत खडी हुई है ।      शुभा मेहता    6th ,Jan ,2025

स्वर और समय की दृष्टि से रागों के तीन वर्ग

उत्तर भारतीय संगीत पद्धति में रागों के गानें -बजानें के बारे में  समय -सिद्धांत प्राचीन काल से ही चला आ रहा है । यद्यपि प्राचीन रागों में एवं अर्वाचीन रागों में समय सिद्धांत पर कुछ  मतभेद है । हमारे प्राचीन संगीत पंडितों नें रागों को उनके ठीक समय पर गायन -वादन का सिद्धांत अपने ग्रंथों में स्वीकार किया है ।  स्वर और समय  के अनुसार उत्तर भारतीय रागों के तीन वर्ग मानकर कोमल -तीव्र स्वरों के हिसाब से उनका विभाजन किया गया है ... 1... संघिप्रकाश राग अर्थात कोमल रे और ध वाले राग  2... शुद्ध रे और ध वाले राग  3...कोमल ग और नि वाले राग  1 ..... संघिप्रकाश राग.......इस वर्ग  के रागों में कोमल रे और कोमल ध वाले रागों को रखा जाता है ,साथ  ही इन रागों में ग शुद्ध होना आवश्यक है । दिन और रात की संधि अर्थात मेल होनें के समय को संधिकाल कहते हैं प्रातः सूर्योदय से कुछ पहले और शाम को सूर्यास्त से पहले का कुछ समय ऐसा होता है जिसे न तो दिन कह सकते हैं न ही रात इसी समय को संघिप्रकाश की बेला कहा जाता है । इस बेला में जो राग  गाए -बजाए जाते हैं उन्हे संघिप्रका...

रागों का समय विभाजन

उत्तर भारतीय संगीत पद्धति में रागों का प्रयोग काल दिन और रात के चौबीस घंटों के दो भाग करके बाँटा गया है । पहला भाग बारह बजे दिन से बारह बजे रात्रि तक और दूसरा भाग बारह बजे रात्रि से बारह बजे दिन तक माना जाता है ।   पहले भाग  को पूर्व भाग और दूसरे भाग को उत्तर भाग कहते हैं । पूर्व राग ......जो राग दिन के बारह बजे से रात्रि के बारह बजे तक गाए -बजाए जाते हैं उन्हें पूर्व राग कहते हैं । उत्तर राग.....जो राग रात्रि के बारह बजे से दिन के बारह बजे तक गाए -बजाए जाते हैं ,उन्हें उत्तर राग कहते हैं । सप्तक के सात शुद्ध स्वरों में तार सप्तक का सां मिलाकर आठ की संख्या ली जाए और फिर इसके दो हिस्से कर दिए जाए तो 'सा,रे ,ग, म 'यह सप्तक का पूर्वांग हुआ और 'प,ध,नी,सां'यह सप्तक का उत्तरांग हुआ।  पूर्वांग वादी राग  ...जिन रागों का वादी स्वर सप्तक के पूर्वांग में होता है वो पूर्वांग वादी राग कहलाते हैं । उत्तरांग वादी राग...जिन रागों का वादी स्वर सप्तक के उत्तरांग में होता है वो उत्तरांग वादी राग कहलाते हैं । शुभा मेहता  17th ,Nov ,2024

वादी ,संवादी, अनुवाद और विवादी

राग के नियमों में वादी ,संवादी आदि स्वरों का भी महत्वपूर्ण यह स्थान होता है ।  वादी स्वर को राजा के समान, संवादी स्वर को मंत्री के समान, विवादी स्वर  को बैरी के समान और अनुवादी स्वर को सेवक के समान समझना चाहिए।  वादी स्वर.....राग में लगने वाले स्वरों में जिस स्वर पर सबसे अधिक जोर रहता है ,अथवा जिसका प्रयोग बार-बार   किया जाता है ,उसे राग  का वादी स्वर कहते हैं । संवादी स्वर....यह वादी स्वर का सहायक होता है ,तभी शास्त्रों नें इसे मंत्री की पदवी दी है । यह वादी स्वर से कम तथा अन्य स्वरों से अधिक प्रयुक्त होता है । वादी स्वर के चौथे या पाँचवे नम्बर पर संवादी स्वर होता है । अनुवादी.....वादी और संवादी के अतिरिक्त जो नियमित स्वर राग  में लगते हैं वे सब अनुवादी स्वर कहलाते हैं । विवादी  स्वर...विवादी का वास्तविक अर्थ होता है ..बिगाड पैदा करने वाला अर्थात ऐसा स्वर जिससे राग का स्वरूप बिगड जाए । लेकिन कुशल गायक कभी-कभी विवादी स्वर का प्रयोग राग इतनी सुन्दरता से करते हैं कि राग का सौंदर्य बढ जाता है । शुभा मेहता  17th Oct ,2024